Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पति-पत्नी समेत 5 आरोपियों को अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फरीदाबाद के एक व्यक्ति से शादी कराने के नाम पर ₹41,000 से अधिक की ठगी की थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश चमन, महविश दानिश, सचिन, संजीव (अलीगढ़) और प्रदीप (बुलंदशहर) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संजय एन्क्लेव निवासी राजकुमार पांचाल को शादी कराने का झांसा देकर पहले लड़की दिखाने के बहाने कई बार अलीगढ़ बुलाया गया। बाद में एक युवती की फोटो भेजकर पसंद करवाई गई। इसके बाद आरोपी खुद को लड़की के परिजन बताकर फरीदाबाद पहुंचे और टीका व शादी की तैयारी के नाम पर 41 हजार रुपये से अधिक की रकम ले ली। 7 सितंबर 2025 को अलीगढ़ के मंदिर में शादी तय की गई, लेकिन वहां कोई नहीं पहुंचा।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फर्जी रिश्तेदार और बिचौलिए बनकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, महविश दानिश पहले भी ऐसे मामलों में दो बार जेल जा चुकी है, जबकि प्रदीप भी ठगी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह की कथित मास्टरमाइंड रानी उर्फ लक्ष्मी अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

