Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए फरीदाबाद जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत उपायुक्त कार्यालय के कक्ष संख्या-213 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0129–2227934 निर्धारित किया गया है।
जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी परीक्षा से संबंधित समन्वय, सूचना आदान-प्रदान और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। सभी कर्मचारियों को 4 जुलाई से 5 जुलाई, 2026 तक प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक कंट्रोल रूम में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को पीजीटी (लेवल-3) की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम साढे़ पांच बजे तक आयोजित होगी। वहीं 5 जुलाई को सुबह दस बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक टीजीटी (लेवल-2) तथा दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक पीआरटी (लेवल-1) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें, आपसी समन्वय बनाए रखें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि एचटेट-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

