Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 272 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी उत्तर प्रदेश से यह नशा दिल्ली में सप्लाई करने के लिए लेकर आया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर शाह (22) निवासी उदयपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने 29 जून को बाईपास रोड, सेक्टर-37 स्थित श्मशान घाट के पास की।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 28 जून की रात अपराध शाखा सेक्टर-56 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध नशे के साथ बाईपास रोड सेक्टर-37 के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 272 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बस से उत्तर प्रदेश से फरीदाबाद पहुंचा था और यह स्मैक दिल्ली में सप्लाई करने वाला था। इसके बदले उसे 15 हजार रुपये मिलने थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नशे की खेप किसने भेजी थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

