June 27, 2026

जिला अस्पताल में तंबाकू-गुटखा थूकने वालों पर सख्ती, छह माह में 95 चालान

Noida/Alive News: सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल परिसर को स्वच्छ और तंबाकू मुक्त बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। अस्पताल परिसर में तंबाकू और गुटखा खाकर थूकने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष जनवरी से जून तक ऐसे 95 लोगों के चालान किए गए, जिनसे कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज और उनके परिजन अक्सर अस्पताल परिसर में तंबाकू, गुटखा खाकर थूकने के साथ ही जगह-जगह कूड़ा भी फैलाते हैं। इसे रोकने के लिए अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों की निगरानी के और जगह-जगह खड़े गार्ड की निगरानी के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 200 रुपये प्रति चालान की कार्रवाई की जाती है।

अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार जनवरी में 15 चालान कर 3 हजार रुपये, फरवरी में 20 चालान कर 8 हजार रुपये, मार्च में 10 चालान कर 4 हजार रुपये, अप्रैल में 14 चालान कर 5,600 रुपये, मई में 20 चालान कर 8 हजार रुपये तथा जून में 16 चालान कर 6,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार छह महीनों में कुल 95 चालान कर 35 हजार रुपये की वसूली की गई।

अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अस्पताल परिसर में तंबाकू और गुटखे का सेवन न करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई है।