August 25, 2026

पहले दिन स्कूलों में आधी रही छात्रों की उपस्थिति

Noida/Alive News: ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद गुरुवार से जनपद के कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई। हालांकि स्कूल खुलने के पहले दिन छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही और करीब 50 प्रतिशत बच्चे ही स्कूल पहुंचे। स्कूलों में बच्चों का स्वागत उत्साहपूर्वक किया गया। शिक्षकों ने छात्रों को पढ़ाई से दोबारा जोड़ने के लिए चित्रकला, कविता गायन, खेलकूद समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कंपोजिट विद्यालय परथला खंजरपुर की शिक्षिका अर्चना समृद्धि ने बताया कि नए सेशन में प्रवेश करने वाले बच्चों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। एक माह के अवकाश के बाद स्कूल पहुंचे छात्रों के लिए विभिन्न रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा बच्चों से ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान दिए गए हॉलिडे होमवर्क के बारे में भी बातचीत की गई।

उन्होंने कहा कि पहले दिन बच्चों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के महत्व, नियमित अध्ययन और अनुशासन के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने भी शिक्षकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।