Faridabad/Alive News: अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए AVTS सिकरोना की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार पहले मामले में एक आरोपी को फतेहपुर तगा गांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने गोवर्धन परिक्रमा के दौरान करीब दो हजार रुपये में यह हथियार खरीदा था। उसके खिलाफ थाना धौज में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में AVTS सिकरोना टीम ने समयपुर रोड स्थित बैरागी चौक के पास से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रौब जमाने के लिए करीब तीन हजार रुपये में किसी अज्ञात व्यक्ति से यह हथियार खरीदा था। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-58 में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

