June 25, 2026

ऑनलाइन ट्रेडिंग और टेलीग्राम टास्क के नाम पर 90 हजार की ठगी

साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी संजय, ऑनलाइन ट्रेडिंग और टेलीग्राम टास्क फ्रॉड की जांच करती फरीदाबाद साइबर पुलिस।

Faridabad/Alive News: ऑनलाइन ट्रेडिंग और टेलीग्राम टास्क के जरिए लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी फरीदाबाद की टीम ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय निवासी गांव कितोरा, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी के 27,980 रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जांच में सामने आया कि संजय के बैंक खाते में ठगी की रकम आई थी। पूछताछ के दौरान पता चला कि उसका बैंक खाता गांव के ही एक अन्य व्यक्ति ने खुलवाया था। खाते में उसी व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज था और बैंकिंग किट व एटीएम कार्ड भी उसी के पास थे।

मामले की शिकायत 7 अप्रैल 2026 को ई-रोज अपार्टमेंट, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसे एक कॉल आई, जिसमें घर बैठे पैसे कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उसे ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट मिंत्रा के उत्पादों की तस्वीरें लेकर ग्रुप में भेजने का टास्क दिया गया।

शुरुआत में कुछ छोटे टास्क पूरे करवाने के बाद ठगों ने महिला को प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर निवेश करने के लिए कहा। अधिक मुनाफे का झांसा देकर आरोपियों ने महिला से कुल 90,430 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी संजय को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।