Faridabad/Alive News: फर्जी CBI और पुलिस अधिकारी बनकर 8.22 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी फरीदाबाद की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 24 जून को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जवाहर कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2025 में उसे एक कॉल आई, जिसमें खुद को TRAI अधिकारी बताकर कहा गया कि उसके नाम पर अवैध सिम जारी हुई है और मुंबई में मामला दर्ज है। बाद में व्हाट्सएप कॉल पर खुद को पुलिस और CBI अधिकारी बताने वाले ठगों ने फर्जी दस्तावेज भेजकर डराया और RBI द्वारा “फंड लीगलाइजेशन” का झांसा देकर 8,22,500 रुपये एक खाते में ट्रांसफर करा लिए।
जांच के दौरान पुलिस ने राहुल अवस्थी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में था और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपना बैंक खाता उपलब्ध कराता था। उसके खाते में ठगी की रकम में से 70 हजार रुपये आए थे। जांच में उसके खाते में अन्य राज्यों के साइबर ठगी मामलों की 2 लाख रुपये से अधिक की रकम आने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार ठगी की राशि पहले 14 अलग-अलग खातों में भेजी गई और बाद में विभिन्न खातों के जरिए आगे ट्रांसफर की गई। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

