June 25, 2026

इलेक्ट्रिक स्कूटर की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर 6.52 लाख रुपये की ठगी

फरीदाबाद साइबर थाना NIT द्वारा Ather डीलरशिप ठगी मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपित

Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की एजेंसी दिलाने के नाम पर 6 लाख 52 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रिंस गुप्ता और तेजस कुमार निवासी बरखेड़ा, भोपाल (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार जीवन नगर-2, गौच्छी निवासी एक व्यक्ति ने इंटरनेट पर इलेक्ट्रिक स्कूटर की एजेंसी संबंधी जानकारी खोजी थी। इसके बाद ठगों ने उसे गुरुग्राम में एजेंसी दिलाने का भरोसा दिया और आवेदन प्रक्रिया, अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 6 लाख 52 हजार रुपये जमा करवा लिए।

पीड़ित ने 1 लाख 77 हजार रुपये आवेदन प्रक्रिया शुल्क और 4 लाख 75 हजार रुपये अनापत्ति प्रमाण पत्र के नाम पर बताए गए बैंक खाते में जमा करा दिए। बाद में जब ठगों ने लाइसेंस स्वीकृति के नाम पर 10 लाख 50 हजार रुपये और मांगे, तब उसे धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने तेजस कुमार को भोपाल से तथा प्रिंस गुप्ता को लालगंज, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि तेजस के बैंक खाते में ठगी की रकम जमा हुई थी, जबकि प्रिंस ने बैंक खाते और उससे जुड़े दस्तावेज साइबर ठगों तक पहुंचाने का काम किया था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि प्रिंस ने कमीशन का लालच देकर तेजस के नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए थे और उनकी बैंकिंग किट तथा दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने तेजस को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि प्रिंस को छह दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।