Faridabad/Alive News: दूरसंचार उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए फरीदाबाद में 10 जुलाई 2026 को टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे महाप्रबंधक दूरसंचार, जिला फरीदाबाद कार्यालय में आयोजित होगा।
सहायक महाप्रबंधक दूरसंचार मनीष ने बताया कि जिला फरीदाबाद के अंतर्गत आने वाले सभी दूरभाष केंद्रों के उपभोक्ता इस अदालत में अपनी टेलीफोन और इंटरनेट सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। अदालत का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना है।
टेलीफोन अदालत में अधिक बिल आने, बिल संबंधी अन्य शिकायतों तथा लैंडलाइन (LL) और एफटीटीएच (FTTH) सेवाओं से जुड़ी समस्याओं पर विचार किया जाएगा। केवल वे बिल इस सुनवाई के लिए मान्य होंगे जो 30 जून 2026 तक जारी किए गए हों।
हालांकि, उन शिकायतों पर सुनवाई नहीं होगी जिनका निपटारा पहले आयोजित टेलीफोन अदालतों में किया जा चुका है या जिन मामलों में किसी न्यायालय द्वारा फैसला दिया जा चुका है।
उपभोक्ता अपनी शिकायत दो प्रतियों में आवश्यक दस्तावेजों, पूर्व पत्राचार और संपर्क नंबरों के साथ सहायक महाप्रबंधक (पीजी), कार्यालय महाप्रबंधक दूरसंचार, जिला फरीदाबाद में जमा करा सकते हैं। शिकायतें डाक के माध्यम से भी भेजी जा सकती हैं। आवेदन 2 जुलाई 2026 तक पीजी अनुभाग, सेक्टर-15ए, फरीदाबाद में पहुंच जाने चाहिए।
अधिकारियों ने कहा है कि शिकायत भेजते समय बंद लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार” अवश्य लिखा जाए।

