Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की फाइनेंस कमेटी की पहली बैठक बुधवार को महापौर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में मेयर कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में प्रस्तुत 11 एजेंडों में से 9 पर सर्वसम्मति बनी, जबकि 2 एजेंडों को पुनर्विचार के लिए अगली बैठक में रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, फाइनेंस कमेटी के नवनियुक्त सदस्य पार्षद प्रदीप टोंगर और पार्षद मनोज नसावा, अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल, निगम सचिव अमित मान, मुख्य अभियंता विवेक गिल, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल और फाइनेंस कंट्रोलर प्रदीप पूनिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में फाइनेंस कमेटी के नवनियुक्त सदस्यों ने महापौर प्रवीण बत्रा जोशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विकास और जनहित से जुड़े 11 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना, ठोस कचरा प्रबंधन और शहर के विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि विकास कार्यों को बेहतर योजना, प्रभावी मॉनिटरिंग और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ लागू किया जाएगा, ताकि नागरिकों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत कर जनसुविधाओं का विस्तार करना है।
बैठक के दौरान सभी एजेंडों पर गहन विचार-विमर्श किया गया और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।

