Faridabad/Alive News: थाना खेड़ीपुल क्षेत्र के सांई धाम रोड पर गाड़ी चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-79 निवासी एक व्यक्ति ने थाना खेड़ीपुल में शिकायत दी थी कि 24/25 मई की रात वह एसजीएम नगर स्थित अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहा था। जब वह सांई धाम रोड पर पहुंचा तो स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे स्कूटी लगा दी। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा गाड़ी के डैशबोर्ड में रखे 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान नरेंद्र (26), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश हाल बिहारी मार्केट सेक्टर-85, राहुल (19) और विकास (20), निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि नरेंद्र और राहुल मामा-भांजा हैं, जबकि विकास राहुल का दोस्त है। राहुल और विकास अपने मामा नरेंद्र के पास सेक्टर-85 आए हुए थे। नरेंद्र सेक्टर-85 में पनीर की दुकान चलाता है। घटना वाली रात तीनों अकॉर्ड अस्पताल के पास स्थित चाय मोहल्ला होटल पर पराठे खा रहे थे। शिकायतकर्ता भी वहीं से पराठे खाकर अपनी गाड़ी से निकला था। तीनों ने वहीं से उसका पीछा करना शुरू किया और सांई धाम रोड पर पहुंचने के बाद वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई स्कूटी नरेंद्र की थी और वही उसे चला रहा था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।

