June 24, 2026

सेक्टर-14 पार्क में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को किया जागरूक

सेक्टर-14 पार्क में आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते विशेषज्ञ।

Faridabad/Alive News: अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे साप्ताहिक जागरूकता अभियान के दूसरे दिन सेक्टर-14 पार्क में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, पार्क कर्मचारियों और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है। नशा मस्तिष्क, लीवर, किडनी सहित शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचाता है और व्यक्ति की कार्यक्षमता व पारिवारिक जीवन को प्रभावित करता है।

जागरूकता सत्र के दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। बच्चों को विशेष रूप से प्रेरित किया गया कि वे नशीले पदार्थों से दूर रहें और अपने दोस्तों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें।

कार्यक्रम में अशोक काउंसलर, भीम काउंसलर, पूजा त्यागी और बीके अस्पताल की टीम ने सक्रिय सहयोग दिया तथा नशामुक्त जीवन के महत्व पर जानकारी साझा की।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद द्वारा संचालित यह जागरूकता अभियान 30 जून तक जिले के विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा।