Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 87 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-23 संजय कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि फेसबुक के जरिए संपर्क करने वाले एक ठग ने उसे शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद उसे “C25HDFC” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर एक संदिग्ध ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया गया।
ठगों ने निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 87 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के मोतीवारा निवासी निलू सिंह को भिवाड़ी से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसके खाते में 50 हजार रुपये आए थे। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना बैंक खाता एक परिचित को इस्तेमाल करने के लिए दिया था।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

