Faridabad/Alive News: ऑनलाइन ट्रेडिंग और घर बैठे कमाई का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना एनआईटी ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित कश्यप (उम्र 19) निवासी गोमती नगर, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 22 जून को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जांच में सामने आया कि अमित कश्यप ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया। आरोपी तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और एक निजी स्कूल में हेल्पर के रूप में काम करता है। जांच में पता चला कि उसके खाते में ठगी की रकम में से 15 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।
मामले में ई-रोज अपार्टमेंट, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने 7 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसे एक कॉल आई, जिसमें घर बैठे पैसे कमाने का ऑफर दिया गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया।
ग्रुप में महिला को ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म मिंत्रा के सूट्स की तस्वीरें लेकर टेलीग्राम ग्रुप में भेजने जैसे आसान टास्क दिए गए। शुरुआती टास्क पूरे करने पर कुछ भुगतान दिखाकर भरोसा जीता गया। बाद में प्रीपेड टास्क के नाम पर निवेश करवाया गया और अलग-अलग बहानों से 90,430 रुपये ठग लिए गए।
जब महिला को अपने साथ धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अमित किन लोगों के संपर्क में था और उसके माध्यम से साइबर ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

