June 22, 2026

परचून की दुकान की आड़ में बिक रही थी अवैध शराब, फरीदाबाद पुलिस ने दो सगे भाइयों को दबोचा

मांगर गांव में अवैध शराब बरामदगी के बाद कार्रवाई करती फरीदाबाद पुलिस

मांगर गांव में पुलिस चौकी टीम की कार्रवाई, घर से 72 बोतल देसी शराब बरामद

Faridabad/Alive News : अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 72 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की है। आरोपी परचून की दुकान की आड़ में शराब बेचने का धंधा चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 21 जून को थाना धौज के अंतर्गत पुलिस चौकी मांगर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव मांगर निवासी कर्मवीर और सुरेंद्र अपने घर में संचालित परचून की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।

रेड के दौरान पुलिस ने आरोपियों के घर से 72 बोतल देसी शराब बरामद की। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सगे भाई हैं और लंबे समय से परचून की दुकान के साथ-साथ अवैध शराब बिक्री का कारोबार कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना धौज में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।