June 21, 2026

फोन हैक कर 1.50 लाख की साइबर ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना NIT द्वारा फोन हैकिंग मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी।

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस ने फोन हैक कर 1.50 लाख की ठगी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने गुरुग्राम से सुयाष (उम्र 23) और अमित (उम्र 23) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 20 जून को काबू किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमित ने खाताधारक वीरेंद्र का बैंक खाता सुयाष को उपलब्ध कराया था, जबकि सुयाष ने यह खाता आगे साइबर ठगों को सौंप दिया। इसी खाते के माध्यम से ठगी की राशि का लेनदेन किया गया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले में पहले ही खाताधारक वीरेंद्र को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर सुयाष और अमित की भूमिका सामने आई, जिसके बाद दोनों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।

जांच में यह भी पता चला कि सुयाष स्नातक (ग्रेजुएट) है, जबकि अमित 11वीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है। दोनों निजी नौकरी करते हैं।

पुलिस के अनुसार सुरूरपुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 18 नवंबर 2025 को उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया और उसके बैंक खाते से 1.50 लाख निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक खाता किन साइबर ठगों तक पहुंचाया गया था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।