Noida/Alive News: जनपद के 23 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 शांतिपूर्ण और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न कराई गई। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। छात्रों के हाथों में पहने कड़े और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं भी केंद्र में प्रवेश से पहले उतरवा ली गईं। परीक्षा के चलते पुलिस ने केंद्रों के आस -पास बैरिकेट लगाकर रास्ता रोक दिया था। जिसे परीक्षा समाप्त होने के बाद ही खोला गया। साथ ही धारा 163 लागू रही।
परीक्षा दोपहर 2 बजे आयोजित की गई थी। इस दौरान नोएडा सेक्टर-24 स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बागपत से परीक्षा देने पहुंची छात्रा प्रति को निर्धारित समय के बाद पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया। छात्रा ने बताया कि वह सुबह करीब दस बजे अपने घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में खराब सड़कों और भारी ट्रैफिक जाम के चलते समय पर केंद्र नहीं पहुंच सकी। उसका कहना था कि उसे परीक्षा केंद्र पर एंट्री की समय की पूरी जानकारी नहीं थी, जिसके कारण वह निर्धारित समय सीमा के बाद पहुंची और परीक्षा से वंचित रह गई।
वहीं, सेक्टर-46 स्थित भवानी इंटर कॉलेज केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि पिछली बार पेपर लीक के कारण उन्हें काफी निराशा हुई थी, लेकिन रविवार को दोबारा पेपर देने के बाद उनके चेहरे खिले दिखे। उन्होंने कहा कि इस बार उन्होंने पहले से अधिक मेहनत और तैयारी के साथ परीक्षा दी और पेपर काफी आसान रहा।
अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त थी। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे थे और प्रत्येक अभ्यर्थी की जांच की जा रही थी। छात्रों के अनुसार, पूर्व में हुई पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए इस तरह की सख्ती जरूरी भी थी, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही परीक्षा देने के लिए प्रवेश करने के दौरान लड़कियों के बालों से उनके क्लेचर, क्लिप और जूलरी भी निकलवा दी गई थी।

