Noida/Alive News: शहर में अगले एक सप्ताह तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके चलते लोगों को तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
रविवार की शुरुआत आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हुई, जिससे लोगों में बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन बादल अधिक देर तक नहीं टिक सके और दोपहर होते-होते तेज धूप निकल आई। इस बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार को तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद बुधवार को फिर तापमान बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
वहीं गुरुवार से 27 जून तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार वृद्धि के साथ उमस भी बढ़ेगी, जिससे लोगों को दिन के समय अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

