June 21, 2026

फरीदाबाद: अपराध शाखाओं की संयुक्त कार्रवाई में 2 दिन में 6 देसी कट्टे बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त अपराध राजेश कुमार मोहन

Faridabad/Alive News : अवैध हथियार रखने और उनकी आपूर्ति करने वालों के खिलाफ फरीदाबाद की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 6 अवैध देसी कट्टे बरामद कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-56, सेक्टर-85, सेक्टर-65 और बॉर्डर की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अफसर निवासी रनहेड़ा खेड़ा फरीदाबाद, जतिन, निवासी जवाहर कॉलोनी फरीदाबाद, कंचन, निवासी सेक्टर-86 फरीदाबाद, राजू, निवासी गांव करनेरा फरीदाबाद, कल्लू निवासी गांव मुंजेड़ी फरीदाबाद, देवा निवासी ओल्ड फरीदाबाद, लोकेश निवासी बसेलवा कॉलोनी ओल्ड फरीदाबाद शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक के कब्जे से एक-एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी देवा ने खुलासा किया कि उसने बरामद देसी कट्टा लोकेश से प्राप्त किया था। सूचना के आधार पर अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने कार्रवाई करते हुए लोकेश को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार लोकेश पर अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है और उससे पूछताछ में हथियार तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।