June 21, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एफएमए और जीवा आयुर्वेद का विशेष वेलनेस सत्र आयोजित, योग और आयुर्वेद अपनाने का संदेश

फरीदाबाद में एफएमए और जीवा आयुर्वेद द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभागी।

Faridabad/Alive News : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फरीदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन (एफएमए) और जीवा आयुर्वेद के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-21बी स्थित जीवा इंस्टीट्यूट में विशेष योग एवं वेलनेस सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, प्रबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन एफएमए की अध्यक्षा एवं जीवा आयुर्वेद की कार्यकारी निदेशक मीनाक्षी सिंह के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय की तेज रफ्तार जीवनशैली में योग केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आंतरिक शांति और समग्र स्वास्थ्य प्राप्त करने का प्रभावी मार्ग है।

कार्यक्रम में जीवा आयुर्वेद के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ केशव चौहान ने आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव, चिंता और मानसिक थकान जैसी समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद का समन्वित दृष्टिकोण व्यक्ति को मानसिक शांति, भावनात्मक मजबूती और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करता है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ अंतरंग आनंद योगी द्वारा संचालित योग एवं प्राणायाम सत्र रहा। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, श्वास तकनीकों और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग, ध्यान और प्राणायाम सत्रों में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम का वातावरण सकारात्मक और ऊर्जावान बना रहा। तनाव प्रबंधन, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और समग्र कल्याण से संबंधित चर्चाओं ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाया।

कार्यक्रम में एफएमए के कार्यकारी निदेशक वी. त्यागराजन, महासचिव मोनिका आनंद सहित संस्था के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में एफएमए के कार्यकारी निदेशक वी. त्यागराजन ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए योग और आयुर्वेद को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।