-मेवला महाराजपुर से पकड़ी गई महिला, खोखे की आड़ में करती थी नशे का कारोबार
-पहले भी दर्ज हैं एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले, 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजी गई
Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच बॉर्डर ने अवैध नशे का कारोबार करने वाली एक महिला तस्कर को 1.778 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला मेवला महाराजपुर क्षेत्र की रहने वाली है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 20 जून को क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला मेवला महाराजपुर क्षेत्र में गांजा बेचने का काम कर रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को काबू किया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.778 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद थाना सूरजकुंड में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला करीब 2 किलोग्राम गांजा दिल्ली से 20 हजार रुपये में खरीदकर लाई थी। इसके बाद वह इसे छोटी-छोटी मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि महिला का मथुरा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खोखा है, जिसकी आड़ में वह गांजा बेचने का अवैध कारोबार संचालित कर रही थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला किस सप्लायर से गांजा खरीदती थी और उसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

