June 20, 2026

23 केंद्रों पर रविवार को होगी नीट परीक्षा, 10,822 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Noida/Alive News: गौतमबुद्ध नगर में आज राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में बनाए गए 23 परीक्षा केंद्रों पर 10,822 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नोएडा जोन में पांच, सेंट्रल नोएडा जोन में 11 और ग्रेटर नोएडा जोन में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी, एडीसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे।

परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी। साथ ही फोटो कॉपी की दुकानों और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

वही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रमुख मेट्रो स्टेशनों और बस अड्डों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। यहां छात्रों और उनके अभिभावकों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, यातायात संबंधी जानकारी प्राप्त करने और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।