June 17, 2026

टेलिग्राम टास्क के नाम पर 16.34 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर पुलिस ने टेलिग्राम ठगी मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर 16,34,521 रुपये की साइबर ठगी के मामले में 2 आरोपियों को बठिंडा, पंजाब से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 2 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरविन्द्र सिंह और हेमन्त मित्तल, निवासी जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि गुरविन्द्र सिंह बठिंडा के एक पेट्रोल पंप पर काम करता है। इसी दौरान उसकी पहचान भूपिन्द्र सिंह से हुई, जो पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने आता था। भूपिन्द्र ने गुरविन्द्र को कार्ड स्वाइप कर नकद राशि उपलब्ध कराने के लिए कहा और बदले में कमीशन देने का लालच दिया।

गुरविन्द्र ने कार्ड स्वाइप कर ठगी की रकम में से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद निकालकर भूपिन्द्र को दे दिए। इसके बाद भूपिन्द्र ने यह रकम आगे हेमन्त मित्तल को सौंप दी। पुलिस पहले ही भूपिन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।

मामले में शिकायतकर्ता फरीदाबाद निवासी एक महिला है। महिला ने बताया कि 21 जून को टेलिग्राम के जरिए ठगों ने उससे संपर्क किया और Vrbo प्लेटफॉर्म पर होटलों की रेटिंग कर प्रतिदिन 5 से 6 हजार रुपये कमाने का लालच दिया।

इसके बाद ठगों ने एक लिंक भेजकर महिला का रजिस्ट्रेशन कराया, जहां बोनस के रूप में 10 हजार रुपये दिखाए गए। बाद में महिला को पेड टास्क करने के लिए कहा गया और टास्क के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवा लिए गए।

इस तरह ठगों ने महिला को झांसे में लेकर 16,34,521 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।