June 16, 2026

NEET री-एग्जाम 2026: 22 जून तक भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, NTA का बड़ा फैसला

New Delhi/Alive News: NEET (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लिया है। फर्जी पेपर लीक की अफवाहों और ऑनलाइन ठगी पर रोक लगाने के लिए भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर 22 जून 2026 तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

NTA के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह निर्देश जारी किया है। यह प्रतिबंध NEET (यूजी) 2026 री-एग्जाम और उसके बाद की संवेदनशील अवधि को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है।

30 जून तक बंद रहेगा मैसेज एडिट करने का फीचर

सरकार ने टेलीग्राम को निर्देश दिया है कि वह भारत में 30 जून 2026 तक पहले से भेजे गए संदेशों को एडिट करने की सुविधा बंद रखे। अधिकारियों के अनुसार कुछ लोग इस फीचर का दुरुपयोग कर परीक्षा के बाद पुराने संदेशों में प्रश्न-पत्र या PDF जोड़कर फर्जी पेपर लीक के सबूत तैयार कर रहे थे।

इस तरह परीक्षा समाप्त होने के बाद पुराने संदेशों को एडिट कर उनमें कथित प्रश्न-पत्र जोड़ा जाता था और फिर उसे सोशल मीडिया पर यह दावा करते हुए वायरल किया जाता था कि पेपर पहले ही लीक हो गया था।

संदिग्ध टेलीग्राम चैनलों पर NTA की नजर

NTA ने बताया कि हाल के दिनों में टेलीग्राम पर कई संदिग्ध चैनल सक्रिय थे। इनमें “PAPER LEAKED NEET”, “Re-NEET 2026”, “Private Mafia” और “REE NEET MAFIAA” जैसे नाम शामिल हैं।

इन चैनलों के जरिए छात्रों और अभिभावकों से कथित प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने या परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर हजारों से लाखों रुपये तक की मांग की जा रही थी। NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया के बाहर कोई भी प्रश्न-पत्र उपलब्ध नहीं है और ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी हैं।

शिकायत दर्ज कराने के लिए विशेष पोर्टल शुरू

NTA ने छात्रों, अभिभावकों, कोचिंग संस्थानों और आम नागरिकों के लिए एक विशेष रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म भी शुरू किया है। यदि कोई व्यक्ति पेपर लीक, प्रश्न-पत्र बेचने, पक्के रिजल्ट दिलाने या अन्य किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देखता है तो उसकी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकता है।

शिकायत के साथ संबंधित प्लेटफॉर्म, चैनल, घटना की तारीख, समय और उपलब्ध स्क्रीनशॉट या दस्तावेज भी अपलोड किए जा सकते हैं।

छात्रों को सतर्क रहने की सलाह

NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह, फर्जी पेपर लीक या पैसे लेकर प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने के दावों पर भरोसा न करें। एजेंसी ने कहा है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि NEET (यूजी) 2026 की री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। NTA ने परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अपने आवेदन संख्या और जन्म तिथि की सहायता से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।