June 14, 2026

पिता पर चाकू से हमला करने के आरोप में बेटा और उसका साथी गिरफ्तार

पिता पर चाकू से हमला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले जाती हुई फरीदाबाद पुलिस।

Faridabad/Alive News: थाना पल्ला पुलिस ने पिता के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में शिकायतकर्ता का बेटा और उसका एक साथी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी भरत, मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा में रह रहा था, जबकि उसका साथी ओमकार फरीदाबाद की शिव कॉलोनी में रह रहा था।

शिकायतकर्ता धन सिंह ने पुलिस को बताया कि 4 अप्रैल 2026 को बाजार जाते समय दोनों आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान चाकू से कई वार किए गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पूछताछ में पता चला कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।