October 16, 2026

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की श्याम कॉलोनी में एक व्यक्ति की चाकू से वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और पत्नी के कथित प्रेमी योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की योगेंद्र से जान-पहचान को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते दोनों ने गोपाल की हत्या की योजना बनाई थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतक की पहचान गोपाल निवासी गांव कूमरपुर, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी श्याम कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। गोपाल के भाई भूरा की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता भूरा ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई गोपाल पिछले करीब 15 वर्षों से फरीदाबाद में नौकरी कर रहा था। उसने फरीदाबाद में ही शादी की थी। गोपाल की पत्नी काजल बच्चों के साथ गांव में रहती थी, जबकि गोपाल नौकरी के कारण फरीदाबाद में रहता था। शिकायत के अनुसार, काजल की गांव के ही योगेंद्र से जान-पहचान और कथित संबंधों को लेकर परिवार में विवाद होता रहता था।

भूरा ने बताया कि 15 अक्टूबर की सुबह उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके भाई की तबीयत खराब है। सूचना मिलने पर वह फरीदाबाद पहुंचा, जहां श्याम कॉलोनी की गली नंबर-5 स्थित एक कमरे में गोपाल मृत मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू हुई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, काजल 13 अक्टूबर को गांव से फरीदाबाद आई थी और श्याम कॉलोनी में अपनी एक रिश्तेदार के घर ठहरी हुई थी। गोपाल भी रिश्तेदारी के कारण वहां आता-जाता था। पुलिस का कहना है कि 14 और 15 अक्टूबर की रात गोपाल शराब के नशे में वहां पहुंचा था। उसके सो जाने के बाद काजल ने कथित तौर पर उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में योगेंद्र भी कथित साजिश में शामिल था। मामले में अपराध शाखा DLF की टीम ने काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।