Faridabad/Alive News: जिलाधीश आयुष सिन्हा ने बताया कि NEET UG 2026 की परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
जारी आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 से 300 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और भीड़ एकत्रित करने पर प्रतिबंध रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी।
प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे, फोटोस्टेट और प्रिंटिंग की दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह कदम नकल और अन्य अनुचित गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जिलाधीश ने बताया कि यह आदेश 21 जून 2026 को फरीदाबाद के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने का अनुरोध किया है, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

