June 12, 2026

किसान संतुलित मात्रा में करें खाद का उपयोग, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

फरीदाबाद में उर्वरक वितरण और खाद उपयोग को लेकर आयोजित कृषि विभाग की बैठक।

Faridabad/Alive News: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और संतुलित खाद उपयोग को लेकर निजी एवं सरकारी खाद विक्रेताओं तथा पैक्स प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक डॉ. बाबू लाल ने की।

बैठक में किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि संतुलित खाद उपयोग से फसल उत्पादन बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है।

अधिकारियों ने खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे अपने स्टॉक का नियमित मिलान करें और उर्वरकों का वितरण केवल “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल के अनुसार ही करें।

तकनीकी सहायक डॉ. आनंद प्रकाश ने चेतावनी दी कि खाद की कालाबाजारी या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ)-1985 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने एसएसपी, एनपीके और बायो-फर्टिलाइजर के लाभों की जानकारी देते हुए किसानों को मिट्टी और फसल की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।