June 11, 2026

समाधान शिविर में पहुंचीं 20 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

फरीदाबाद के समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनती एडीसी अंजलि श्रोत्रिया।

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में गुरुवार को विभिन्न विभागों से संबंधित 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

एडीसी ने बताया कि प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 9 मामले सीआरआईडी (CRID) विभाग से जुड़े थे, जिनमें परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय संबंधी त्रुटियां, नए सदस्य जोड़ने और अन्य अपडेट से संबंधित समस्याएं शामिल थीं।

इसके अलावा विकास एवं पंचायत, बिजली विभाग, आबकारी एवं कराधान, खाद्य एवं आपूर्ति, उद्योग एवं वाणिज्य, नगर निगम फरीदाबाद, पुलिस, राजस्व और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से संबंधित शिकायतें भी शिविर में प्राप्त हुईं। सभी शिकायतें पहली बार समाधान शिविर में दर्ज कराई गईं।

अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में बढ़ती भागीदारी प्रशासन के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाती है।

शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।