Faridabad/Alive News: बीके सिविल अस्पताल में ऑर्थोडॉन्टिक्स (दांतों की सीधाई और ब्रेसेस) सेवा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब टेढ़े-मेढ़े दांत, दांतों के बीच गैप और जबड़ों की बनावट से जुड़ी समस्याओं का इलाज सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध हो रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जयंत आहूजा के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस सेवा के तहत फिलहाल करीब 15 मरीजों का उपचार चल रहा है। अस्पताल में नियुक्त ऑर्थोडॉन्टिस्ट डॉ. मीनू मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार प्रदान कर रही हैं।
सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. वंदना अरोड़ा ने बताया कि ऑर्थोडॉन्टिक्स उपचार के जरिए दांतों और जबड़ों के संरेखण से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाता है। अस्पताल में ब्रेसेस लगाने और दांतों को सही स्थिति में लाने की सुविधा उपलब्ध है।
सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य लोगों को आधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराना है। इस सुविधा से अब मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने लोगों से नियमित दंत जांच कराने और मौखिक स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार से दांतों से जुड़ी कई समस्याओं से बचा जा सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।

