Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में 20 जून तक विशेष जनसंपर्क, जनकल्याण और स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि 12 जून को प्रेस वार्ता आयोजित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। 13 जून को जिले में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
15 जून को जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन और आम नागरिक भाग लेंगे। इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
16 से 18 जून तक जिला और उपमंडल स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसी अवधि में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
20 जून तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सफाई गतिविधियां संचालित होंगी। साथ ही कृषि एवं बागवानी विभाग किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
16 से 20 जून के बीच रोजगार मेले और कौशल विकास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके।
बैठक में जिला परिषद की सीईओ शिखा, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

