June 10, 2026

जिला कांग्रेस बैठक में संगठन मजबूती और वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर हुई चर्चा

फरीदाबाद में जिला कांग्रेस की मासिक बैठक को संबोधित करते जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक

Faridabad/Alive News: सेक्टर-9 स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव अशोक रावल ने किया।

बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, वोटर लिस्ट पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर नजर रखने और बूथ प्रबंधन को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी में नगर निगम द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई की भी आलोचना की गई।

बैठक के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से जिला अध्यक्ष को अवगत कराया और जनहित के मुद्दों को प्रशासन के सामने उठाने की बात कही।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण प्रक्रिया पर नजर रखें और यदि किसी पात्र मतदाता का नाम हटाने या गलत तरीके से नाम जोड़ने का मामला सामने आए तो उसकी जानकारी पार्टी को दें।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर नियुक्त प्रभारी अपनी गतिविधियों और कार्यों की रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा करें। साथ ही स्थानीय समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और संगठन से जुड़े मुद्दों को पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।