Faridabad/Alive News: युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदाबाद और हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट सेंटर (एचआईडीसी-सीआईडीसी) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया गया है।
इस समझौते के तहत स्वास्थ्य अवसंरचना, निर्माण प्रबंधन और तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी के अवसरों से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह पहल हरियाणा में कौशल विकास और रोजगार सृजन का एक सफल मॉडल बन सकती है, जिसे भविष्य में देशभर में लागू किया जा सकता है। इसका लक्ष्य ऐसे कुशल युवाओं का समूह तैयार करना है जो अपने करियर के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान दें।
एमओयू के क्रियान्वयन कार्यक्रम में एचआईडीसी के चेयरमैन डॉ. पी.आर. स्वरूप, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदाबाद के डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय, सीनियर डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स डॉ. शुचिता कुमार, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एस.आर. सिंह और सीनियर एडवाइजर एलएंडडी सम्पत कुमार नायडू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि इस पहल के तहत पूर्वोत्तर भारत के युवाओं के पहले बैच का चयन किया जा चुका है। सिक्किम स्थित मेधावी स्किल्स यूनिवर्सिटी के सहयोग से सीआईडीसी विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम चला रही है, जिनके माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संस्थानों का मानना है कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और देश में कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

