New Delhi/Alive News: राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च को लेकर मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि कोई भी सुप्रीम कोर्ट को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशों का कोई असर नहीं होता।
CJI सूर्यकांत ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान कहा, “हमें पता है कि कोर्ट के बाहर क्या कहा जा रहा है और कोर्ट के अंदर क्या कहा जा रहा है। हम किसी काल्पनिक दुनिया में नहीं जी रहे हैं। हमें हर बात की जानकारी है।”
सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शन और विरोध मार्च से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी सामने आई। इस दौरान राहुल गांधी और 13 अन्य लोगों की ओर से दायर याचिका का भी जिक्र हुआ। इस मामले में कोर्ट ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग (ECI) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
CJI से मिलने का समय नहीं मिलने पर दाखिल की थी याचिका
विपक्षी सांसदों ने 11 अक्टूबर को CJI सूर्यकांत को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपने के लिए मिलने का समय मांगा था। हालांकि, CJI ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद विपक्षी सांसदों की ओर से याचिका दाखिल की गई।
राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने निकाला था मार्च
12 अक्टूबर की शाम राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी सांसद सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करते हुए पहुंचे थे। इससे पहले सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकाला था।
इस घटनाक्रम के बीच CJI सूर्यकांत की टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत के कामकाज पर किसी तरह के दबाव या धमकी का असर नहीं पड़ सकता।

