June 10, 2026

ग्रेटर नोएडा में तीन नए बस रूटों पर मिलेगा परमिटफोटो नहीं है। 

Noida/Alive News: गौतमबुद्धनगर और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के यात्रियों को जल्द बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकती है। संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) गाजियाबाद की बैठक 16 जून को मेरठ मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक दोपहर 12 बजे मेरठ मंडल आयुक्त कार्यालय में होगी। इसमें लंबित मामलों के साथ नए बस मार्गों पर परमिट जारी करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में गाजियाबाद संभाग के अंतर्गत तीन नए मार्गों पर परिवहन परमिट के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पहला 57 किलोमीटर लंबा मार्ग खूपुरा से बॉटेनिकल गार्डन तक होगा। यह मार्ग यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर सड़क, सलारपुर, दनकौर, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, यमुना प्राधिकरण कार्यालय, परी चौक, जगत फार्म, जिला न्यायालय, सूरजपुर, कुलेसरा और भंगेल होते हुए संचालित होगा।
दूसरा 51 किलोमीटर लंबा मार्ग यमुना प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय से बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित है। वहीं तीसरा 42 किलोमीटर लंबा मार्ग जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से परी चौक तक रहेगा।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन नए मार्गों पर बस संचालन शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।