Noida/Alive News: भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे नोएडा वासियों को दो दिन बाद राहत मिलने की संभावना है। मंगलवार सुबह से निकली तेज धूप ने लोगों को झुलसा। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को अपने घर से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दिन तापमान 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 27 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम दर्ज किया गया। शहर के एक्यूआई में भी लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार और गुरुवार को भी मौसम शुष्क रहेगा तथा तापमान 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 28 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने की संभावना है। इस दौरान लू के आसार बने रहेंगे।
हालांकि शुक्रवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज हवाओं और वर्षा के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। शनिवार को भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इस दिन गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 42 डिग्री अधिकतम और 27 डिग्री न्यूनतम रहने की संभावना है। 14 और 15 जून को भी आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
वहीं, वायु गुणवत्ता की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 154 दर्ज किया गया है, जो मध्यम श्रेणी में आने के साथ येलो जोन में है। दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 222 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में होने के कारण ऑरेंज जोन में शामिल है। इससे संवेदनशील लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

