June 7, 2026

फरीदाबाद: एक सप्ताह में दबोचे 23 साइबर ठग, लाखों की नकदी बरामद और 65 लाख रुपये खातों में कराए फ्रीज

फरीदाबाद पुलिस की साइबर टीम की गिरफ्त में खड़े गिरफ्तार साइबर अपराधी।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की टीमों ने ऑनलाइन ठगी करने वाले अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए बीते एक सप्ताह के भीतर ही देश के अलग-अलग हिस्सों से कुल 23 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6,97,750 की नगदी बरामद की है, जबकि ठगी का शिकार हुए लोगों के 65.30 लाख से अधिक विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज करवाए हैं।

तीनों साइबर थानों ने 6 बड़े मुकदमों का किया भंडाफोड़
पुलिस प्रवक्ता द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद पुलिस की साइबर टीमों ने कुल 6 संगीन मुकदमों में कार्रवाई करते हुए इन 23 जालसाजों को दबोचा है। इस संयुक्त कार्रवाई में साइबर थाना एनआईटी के 02 मामले, साइबर थाना सेंट्रल के 03 मामले और साइबर थाना बल्लभगढ़ का 01 मामला शामिल है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न केवल 6.97 लाख से अधिक की रिकवरी की, बल्कि त्वरित एक्शन लेते हुए कुल 554 साइबर शिकायतों का निपटारा कर पीड़ित जनता के 65,30,365 रुपये ठगों के खातों में ही ब्लॉक (फ्रीज) करवा दिए।

देशभर से जालसाजी करने वाले इन 23 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पकड़े गए आरोपियों का नेटवर्क काफी बड़ा है जो सीधे-साधे लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन फ्रॉड करते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अरविन्द, पीयूष सिंह, कृष्ण देव, सुजीत प्रताप, अमित राय, विकास मलिक, मुकुल उर्फ कुल्लू, राहुल गुरुंग, विकास, घनश्याम, विशाल रावत, रिशल गुप्ता, पुष्पेंद्र, राजकुमार, रमेश गुप्ता, जशप्रीत कौर, विजय, हर्ष खत्री, गौरव शर्मा, ऋषभ, प्रतीक रविंद्रा बोबड़े, राहुल प्रेमचंद, अजीत और अंबिका हैं।