June 6, 2026

सेवा का अधिकार व्यवस्था पर सख्त समीक्षा, ऑटो-अपील प्रणाली को मजबूत करने पर जोर

Faridabad/Alive News: हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त टी. सी. गुप्ता (आईएएस, सेवानिवृत्त) ने नगर निगम फरीदाबाद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में संयुक्त आयुक्त, जोनल अधिकारी और आईटी विंग के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान मुख्य आयुक्त ने ‘सेवा का अधिकार’ ढांचे के तहत विभिन्न प्रावधानों के क्रियान्वयन का जायजा लिया। खास तौर पर ऑटो-अपील प्रणाली को लेकर गहन चर्चा की गई और इसके प्रभावी संचालन पर जोर दिया गया।

टी. सी. गुप्ता ने निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा (सेकंड ग्रिवांस रिड्रेसल अथॉरिटी) द्वारा ऑटो-अपील प्रणाली को मजबूत बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लंबित मामलों को उच्च स्तर पर समाप्त कर शून्य तक लाने की उपलब्धि को उल्लेखनीय बताया। साथ ही शिकायतकर्ताओं की व्यक्तिगत सुनवाई कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की पहल को भी सराहा।

बैठक के दौरान मुख्य आयुक्त ने अधिकारियों से ऑटो-अपील प्रणाली के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर फीडबैक लिया। उन्होंने मौके पर ही समस्याओं के समाधान के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए और अधिकारियों को दक्षता, पारदर्शिता तथा नागरिक-केंद्रित सेवा प्रदान करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।