Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम के बजट 2026-27 को लेकर पहली प्री-बजट बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने की, जिसमें नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, सभी पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुझाव दिए। इनमें सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि सभी सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और बजट तैयार करते समय जनता के हित को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार नगर निगम का बजट करीब 2250 करोड़ रुपये का होगा, जिसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाया भी जा सकता है।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों की जांच कर उन्हें बजट में शामिल करने की कोशिश की जाएगी, ताकि शहर का संतुलित विकास हो सके।
महापौर ने यह भी बताया कि जल्द ही दूसरी बैठक बुलाई जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव को निगम सदन से पास कर हरियाणा सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि निगम की आय के स्रोत सीमित हैं, इसलिए केंद्र और राज्य सरकार से भी सहायता मिलती है। साथ ही इस बार फायर टैक्स, तहबाजारी, जमीन लीज और फ्रीहोल्ड जमीन से भी आय बढ़ने की उम्मीद है।
बैठक में 46 पार्षद और 3 नामित पार्षद शामिल हुए और बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

