Faridabad/Alive News: मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने डबुआ कॉलोनी में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने के आरोप में एक परचून दुकान पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही एक्सपायरी उत्पादों को नष्ट कराया गया तथा सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
जानकारी के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि डबुआ कॉलोनी गली नंबर-1 स्थित राजेश कुमार की दुकान पर एक्सपायरी दूध, दही, कोल्ड ड्रिंक और अन्य खाद्य सामग्री सस्ते दामों पर बेची जा रही है। सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुनीत शर्मा के साथ औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदार से लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में 90 लीटर दूध, 2 लीटर दही, 2 किलोग्राम घी, 240 पैकेट जूस और 29 बोतल कोल्ड ड्रिंक सहित कुल 14 प्रकार की खाद्य सामग्री एक्सपायरी पाई गई। आरोप है कि इन उत्पादों को “एक पर एक फ्री” ऑफर के तहत ग्राहकों को बेचा जा रहा था।
टीम ने दूध का एक सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एक्सपायरी खाद्य सामग्री रखने और बेचने के मामले में अलग से केस दर्ज किया जाएगा।
पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि वह बड़े स्टोरों से एक्सपायरी के नजदीक पहुंच चुके उत्पाद सस्ते दामों में खरीदकर ऑफर के साथ बेचता था। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी वैधता तिथि अवश्य जांचें।

