Faridabad/Alive News: बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आज शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फरीदाबाद के सेक्टर-21 स्थित एसजीएम नगर अर्बन हेल्थ सेंटर में भी दिखाया गया, जिसे स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने देखा।
इस अवसर पर बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने एसजीएम नगर अर्बन हेल्थ सेंटर में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उनके साथ एसएमओ डॉ ऋचा बत्रा भी मौजूद रही। इस कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर 6 बालिकाओं को सफलतापूर्वक एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
विधायक धनेश अदलखा ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक सरल, सुरक्षित और अत्यंत प्रभावशाली उपाय है। यह वैक्सीन भविष्य में महिलाओं को होने वाले गंभीर कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 90 दिनों का विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 14 वर्ष से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं को निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रम में न आएं और अपनी पात्र बेटियों को समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर लाकर इस टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाएं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

