June 13, 2026

फरीदाबाद में एचपीवी टीकाकरण का 90 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

Faridabad/Alive News: जिला फरीदाबाद में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का 90 दिवसीय विशेष अभियान आज बीके सिविल अस्पताल में शुरू किया गया। कार्यक्रम में एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा और टीकाकरण अधिकारी डॉ रचना भी मौजूद रहीं।

विधायक सतीश फागना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को यह वैक्सीन निःशुल्क दी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी लाभ मिल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को सिंगल डोज एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। टीकाकरण प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और ओटीपी सत्यापन के बाद प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। टीकाकरण के बाद बालिकाओं को आधे घंटे निगरानी में रखा जाता है।

टीकाकरण अधिकारी डॉ रचना ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में कैंसर से मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण है। जिले के जिला अस्पताल, शहरी स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोल्ड चेन सहित सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। 90 दिनों के विशेष अभियान के बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने की योजना है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए अवश्य लेकर आएं, ताकि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।