March 7, 2026

28 फरवरी से 4 मार्च तक मनाया जाएगा ‘रंगोत्सव 2026’

Faridabad/Alive News: हरियाणा पर्यटन निगम, फरीदाबाद के एजीएम हरविंद्र सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि होली के उपलक्ष्य में 28 फरवरी से 4 मार्च तक पांच दिवसीय ‘रंगोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सूरजकुंड टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, बड़खल लेक मोटल, अरावली गोल्फ कोर्स, मैगपाई टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स और राजा नाहर सिंह टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस उत्सव में आमजन, परिवार, कॉर्पोरेट समूह, आरडब्ल्यूए एवं अन्य संगठित समूह उत्साहपूर्वक और सुरक्षित वातावरण में होली का आनंद ले सकेंगे।

एजीएम हरविंद्र सिंह यादव ने बताया कि रंगोत्सव के दौरान प्रतिदिन डीजे म्यूजिक, हरियाणवी कलाकारों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रेन डांस जोन, ऑर्गेनिक कलर जोन तथा बच्चों के लिए विशेष किड्स प्ले जोन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा पारंपरिक होली की झलक प्रस्तुत करने के लिए फाग और रागिनी जैसे लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे आगंतुक हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति का आनंद उठा सकें।

उन्होंने बताया कि सूरजकुंड टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, बड़खल लेक मोटल और अरावली गोल्फ कोर्स अरावली पहाड़ियों की गोद में स्थित हैं, जहां प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली के मनमोहक दृश्य देखने को मिलते हैं। पहाड़ियों की ठंडी हवा और खुले वातावरण में रंगोत्सव मनाने का अनुभव विशेष आनंद प्रदान करेगा।

एजीएम ने बताया कि इच्छुक परिवार, कॉर्पोरेट संस्थान, आरडब्ल्यूए एवं अन्य समूह अग्रिम बुकिंग कर कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। बुकिंग एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए एजीएम हरविंद्र सिंह यादव (मो. 8816040444) तथा सुपरवाइजर सुनील शर्मा (मो. 9837341060) से संपर्क किया जा सकता है।

हरियाणा पर्यटन निगम का यह आयोजन फरीदाबाद में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ लोगों को पारिवारिक और सांस्कृतिक वातावरण में होली मनाने का अनूठा अवसर प्रदान करेगा।