Faridabad/Alive News: मारपीट और फायरिंग के मामले में अपराध शाखा बीपीटीपी की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-75 निवासी पियूष ने थाना बीपीटीपी में शिकायत दी थी कि वह अपनी मंगेतर के साथ अनु श्री सोसायटी में रह रहा है। 9 फरवरी को सौरव नाम का युवक अपनी मां के साथ उसके घर आया और उसकी मंगेतर को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगा। मंगेतर ने उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया।
अगले दिन 10 फरवरी को जब पियूष अपनी मंगेतर के साथ गाड़ी से सोसायटी पहुंचे, तो वहां सौरव अपने चार साथियों के साथ खड़ा मिला। सभी ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि सौरव ने पियूष पर पिस्टल तान दी। जब पियूष बचकर भागने लगा तो अमित ने पिस्टल लेकर उस पर फायर कर दिया। इस शिकायत पर थाना बीपीटीपी में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान अपराध शाखा बीपीटीपी ने 25 फरवरी को रोहित कुमार, कमल और विपिन कुमार, निवासी तुगलकाबाद (दिल्ली), को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी अमित के दोस्त हैं।
अमित ने सौरव के कहने पर उन्हें पियूष के साथ मारपीट करने के लिए बुलाया था। विपिन अपने साथ पिस्टल लेकर आया था। जैसे ही पियूष और उसकी मंगेतर सोसायटी पहुंचे, आरोपियों ने गाड़ी में तोड़फोड़ की, मारपीट की और फायरिंग की।
पुलिस ने रोहित और कमल को जेल भेज दिया है, जबकि विपिन को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सौरव और अमित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

