June 6, 2026

आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में रोड सेफ्टी समीक्षा बैठक का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में वीरवार को उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में रोड सेफ्टी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान, डेथ ऑडिट, रोड सेफ्टी ऑडिट तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कदमों पर विस्तृत चर्चा हुई।

डीसी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चालान बढ़ाने और वाहनों को इंपाउंड करने की प्रक्रिया सख्ती से लागू करने को कहा। वहीं गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर रोड मार्किंग और लाइटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे। एफएमडीए अधिकारियों को नहर पार क्षेत्र के सभी पैचवर्क 10 से 15 दिनों में पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

डीसी ने बीके सिविल अस्पताल के सामने अवैध रूप से खड़े वाहनों और ऑटो को इंपाउंड करने तथा चालान करने के आदेश दिए और इसके लिए 24 घंटे ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने एनएचएआई, एफएमडीए, एचएसआईडीसी, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और एचएसवीपी सहित सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों की रोड सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट और कंप्लायंस रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ओपन ड्रेनों और खुले क्षेत्रों में संभावित हादसों को रोकने के लिए फेंसिंग, उचित साइनेज और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विभागीय अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में आरटीए सचिव मुनीश सहगल ने रोड सेफ्टी की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि रॉन्ग साइड वाहन चालकों के खिलाफ चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और रोड सेफ्टी से जुड़े अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।