March 7, 2026

बजट सत्र में मंत्री विपुल गोयल ने अंबाला की 94 कालोनियों पर दी विस्तृत जानकारी

Faridabad/Alive News: विपुल गोयल ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अंबाला से संबंधित 94 कालोनियों के विषय में सदन के पटल पर विस्तृत एवं तथ्याधारित जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सरकार की विकासोन्मुख सोच, प्रशासनिक पारदर्शिता और नागरिक हितों के प्रति प्रतिबद्धता इन निर्णयों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

मंत्री ने बताया कि इन 94 कालोनियों को वर्ष 2012 में अनुमोदन प्रदान किया गया था तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और निर्धारित प्रक्रियाओं की पूर्ति के बाद वर्ष 2023 में इन्हें एनडीसी पोर्टल पर अधिकृत किया गया। उन्होंने इसे सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने सदन को अवगत कराया कि 26 जुलाई 2019 को नगर निगम अंबाला के पुनर्गठन का नोटिफिकेशन जारी हुआ था, जिसके तहत 94 में से 31 कालोनियां नगर निगम अंबाला तथा शेष 63 कालोनियां नगर परिषद अंबाला के अधिकार क्षेत्र में आती हैं। इन कालोनियों के विकास कार्यों पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जिससे अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है।

विपुल गोयल ने कहा कि राज्य सरकार सुनियोजित, संतुलित और सतत शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।