Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित जनशिकायतों की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक के बाद अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने जिला स्तर पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें समयबद्ध रूप से पोर्टल से हटाया जाए ताकि वास्तविक लंबित मामलों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।
एडीसी ने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और बहु-विभागीय मामलों में आपसी समन्वय से संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत निवारण प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है।
साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला लघु सचिवालय व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।
बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

