Faridabad/Alive News: विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा ने फरीदाबाद के एक उद्योगपति से पहले 5 करोड़ और फिर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर उद्योगपति को डराने के लिए उसने अपने गुर्गों को भेजा। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोनू गुर्जर (सुखपुरा रोड, बठिंडा), हनी (संजय नगर, बठिंडा) और कपिल उर्फ कन्नू के रूप में हुई है। इनमें से मोनू गुर्जर ने पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास में पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया है।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि उद्योगपति की शिकायत पर 5 फरवरी को सेंट्रल थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, पहले विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद उद्योगपति के घर एक चिट्ठी भेजी गई, जिसमें एके-47 की पांच गोलियां रखी थीं और 10 करोड़ रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रोहित गोदारा फिलहाल यूएसए में छिपा हुआ है और वहीं से अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है।
क्राइम ब्रांच ने उद्योगपति के घर के आसपास 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की। तीन दिन तक चले ऑपरेशन में करीब 70 पुलिसकर्मियों ने लगातार काम किया। इसी दौरान उद्योगपति के घर की रेकी करने पहुंचे तीनों गुर्गों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने पाली क्रशर जोन के पास हथियार छिपाने की बात कबूली। बरामदगी के दौरान मोनू गुर्जर ने पुलिस से पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और दो राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

