October 14, 2026

फरीदाबाद के प्रमुख बाजारों व व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान शुरू

Faridabad/Alive News: नगर निगम के स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन एवं जॉइंट कमिश्नर एस. वीर सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा चिन्हित किए गए शहर के प्रमुख मेन मार्किट व व्यावसायिक क्षेत्रों की सफाई के लिए टेंडर जारी किया गया है। इस टेंडर के तहत लगभग 10 लाख 34 हजार वर्ग क्षेत्र में रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार अधिकृत ठेकेदार की टीम द्वारा रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली, पर्याप्त श्रमिकों एवं सुपरवाइजरों की तैनाती कर सफाई कार्य कराया जाएगा। इस अभियान में करीब 210 कर्मचारी कार्य करेंगे और एकत्रित कूड़ा सीधे ट्रांसफर स्टेशन अथवा सेकेंडरी कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट पर पहुंचाया जाएगा।

एस. वीर सिंह ने कहा कि यह अभियान स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 की तैयारियों के मद्देनजर शुरू किया गया है, जिससे शहर को बेहतर रैंकिंग दिलाने, सार्वजनिक स्वास्थ्य सुधारने, यातायात सुगमता बढ़ाने और शहर की छवि को निखारने में मदद मिलेगी।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-7, 9, 11, 14, 15, 16, 16ए, 17, 28, 29, 30 सहित एनआईटी, बल्लभगढ़ जोन, नेहरू ग्राउंड, नीलम बाटा रोड, सूरजकुंड सर्कल, अशोका एन्क्लेव, टाउन पार्क, कम्युनिटी सेंटर, प्रमुख पार्किंग स्थल, मुख्य सड़कें एवं बाजार शामिल किए गए हैं।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। निगम का उद्देश्य फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाना है।